अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय ट्रैकिंग साइट त्रियुंड में रास्ता भटके चार युवकों को रेस्क्यू टीम ने बुधवार को सुरक्षित निकाला। चारों युवक उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे, जो मैक्लोडगंज घूमने आए थे और मैक्लोडगंज में एक निजी होटल में रुके हुए थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को युवकों ने ट्रैकिंग के लिए त्रियुंड जाने का निर्णय लिया। युवकों में यूपी निवासी हर्षित सक्सेना, अभय निखरा निवासी बिहार, उज्जवल वर्मा और भूषण वर्मा निवासी बिहार शामिल हैं। यह चारों गाजियाबाद में बीटेक के स्टूडेंट्स हैं। मंगलवार सायं मौसम खराब होने के चलते पहाड़ियों पर पड़ी धुंध के चलते चारों युवक रास्ता भटक गए और चलते-चलते त्रियुंड से दो किलोमीटर आगे स्नो लाइन तक पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने जैसे-तैसे करके मंगलवार की रात गुजार दी। वहीं बुधवार सुबह युवकों ने मोबाइल से मैक्लोडगंज पुलिस से संपर्क करके रास्ता भटकने की जानकारी दी। इस पर बुधवार सुबह ही क्यूआरटी टीम और मैक्लोडगंज पुलिस से हैड कांस्टेबल संजीव, एचएससी हरवंस और होमगार्ड कमलेश उनकी तलाश में निकले थे। टीम के सदस्यों ने दोपहर 12 बजे युवकों को त्रियुंड से दो किलोमीटर आगे ढूंढ निकाला और सुरक्षित उन्हें उनके होटल तक पहुंचाया।
बुधवार सुबह खराब मौसम की वजह से रास्ता भटके युवकों के रेस्क्यू में परेशानी पेश आई, लेकिन टीम ने पूरी तत्परता से युवकों की तलाश करते हुए उन्हें ढूंढ लिया और सुरक्षित होटल पहुंचा दिया है। - संतोष पटियाल, एसपी, कांगड़ा।