धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में अब इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होगी। यह बस सेवा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चलाई जाएगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम की इसमें कोई भूमिका अभी तक नहीं रहने की संभावना है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किसी निजी बस संचालक और एचआरटीसी से बिजली से चलने वाली बस सेवाएं शुरू करने की योजना है। इसके लिए स्मार्ट सिटी परियोजना की बीओडी ने कवायद शुरू कर दी है। अभी तक बस सेवा कब से शुरू होगी। इसके बारे में अभी समय तय नहीं किया गया है, लेकिन इसके लिए पेपर वर्क शुरू कर दिया गया है। बिजली से चलने वाली बसें 25 से 30 सीटर होंगी।
पहले स्थापित होगा कंट्रोल सेंटर
बिजली से चलने वाली बस सेवा को शुरू करने से पहले कोतवाली बाजार के साथ ही कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा शहीद स्मारक से एमसी कार्यालय के सामने तक स्मार्ट सड़क, अत्याधुनिक बस शेल्टर आदि स्थापित किए जाएंगे। उसके बाद इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की योजना है।
मेट्रो की तर्ज पर चलेगी बसें
स्मार्ट सिटी में मेट्रो सेवा की तर्ज पर बिजली से चलने वाली बसें चलेगी। बसों में स्टेशन पर यात्रियों के उतरने से पहले सूचना दी जाएगी। इसके अलावा बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से लेस होगी।
स्मार्ट सिटी परियोजना के सीईओ एवं नगर निगम आयुक्त संदीप कदम ने कहा कि परियोजना के तहत इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने का प्रावधान है। इसके ऊपर काम शुरू कर दिया गया है। बस सेवा शुरू करने से पहले स्मार्ट सड़क और कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा।