अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर-17 सिद्धबाड़ी के युवाओं और बच्चों को खेलने के लिए स्थान नहीं मिल पा रहा है। क्योंकि, वार्ड नंबर-17 सिद्धबाड़ी स्थित एकमात्र जोराबर मैदान में खेलने को जगह नहीं मिल रही है। वार्ड नंबर-17 में एक निजी स्कूल में बच्चों को लाने ले जाने के लिए लगी गाड़ियां पूरा दिन भर मैदान में खड़ी रहती हैं। इससे मैदान में जहां युवा खेल नहीं पाते हैं, वहीं मैदान की भी दुर्दशा हो रही है। स्थानीय युवाओं की मानें तो मैदान से गाड़ियां हटाने के लिए कई बार गुहार लगाई गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिद्धबाड़ी में निजी स्कूलों में कोई भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यहां स्कूली बच्चों को लाने वाली गाड़ियां दिन भर खड़ी रहती हैं। इतना ही नहीं शाम को बच्चों को घर छोड़ने के बाद भी कई वाहन चालक यहां पर ही गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। इससे युवाओं को खेल का मैदान नसीब नहीं हो पा रहा है। स्थानीय युवाओं बीरू, सुमित, साहिल, राजेश, सोनू और संजू ने कहा कि शीघ्र ही मैदान से गाड़ियां हटाई जाएं, ताकि युवाओं को खेलने के लिए स्थान मिल सके। साथ ही बुजुर्ग और महिलाएं भी यहां सुबह-सायं टहल सकें।
मैदान फुटबॉल एकेडमी के नाम
सिद्धबाड़ी स्थित जोराबर मैदान में राष्ट्रीय फुटबॉल बनाने की भी कवायद शुरू की गई थी। लेकिन यह कवायद फाइलों तक ही सीमित है। क्योंकि, मैदान की भूमि को एकेडमी के नाम ट्रांसफर करने की औपचारिकता के बाद आगे कुछ भी नहीं हो पाया है।
जरनल हाउस में उठाया है मुद्दा: जंवाल
नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर-17 में पार्किंग की समस्या है। इसका मुद्दा एमसी के जरनल हाउस में भी उठाया गया है। निजी स्कूल के समीप पार्किंग निर्माण होगा, जबकि जोराबर मैदान को सील किया जाएगा, ताकि वहां गाड़ियां न खड़ी हो सकें।
- विशाल जंबाल, पार्षद वार्ड नंबर-17 एमसी धर्मशाला
-