धर्मशाला। चाइल्ड लाइन कांगड़ा ने गणेश को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। नोएडा का गणेश बैजनाथ से मिला था। 10 दिसंबर को बैजनाथ पुलिस थाना के माध्यम से आठ साल केेगणेश का दाखिला जिला बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार हुआ था।
बालक तारापुरी बैजनाथ निवासी पवन कुमार को नौ दिसंबर को शिव मंदिर बैजनाथ के पास एकत्रित भीड़ में मिला था। उक्त बालक का नाम पता पूछा तो इसने बताया कि वह नोएडा का रहने वाला है, परंतु किसी का भी मोबाइल अथवा फोन नंबर दिखाने में असमर्थ था। पवन कुमार के प्रयासों से बालक को पुलिस थाना बैजनाथ में ले जाया गया, जहां से बैजनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक को जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया । बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष हर्षवर्द्धन वैद्य ने बालक को खुला आश्रय जटेहड़ में रखने के अस्थायी आदेश दिए थे। इसी दौरान चाइल्ड लाइन कांगड़ा के निदेशक एवं खुला आश्रय के प्रभारी रमेश मस्ताना ने निरंतर बालक की काउंसलिंग की और धीरे-धीरे उसके घर का पता मालूम किया था। रमेश मस्ताना ने कहा कि उत्तर प्रदेश और नोएडा पुलिस से भी संपर्क किया गया तथा बालक ग्रेटर नोएडा के चौंचली गांव का रहने वाला ही निकला, जो कि कासना जिला गौतम बुद्ध नगर में स्थित है। पुलिस स्टेशन जेवर ग्रेटर नोएडा से बातचीत करने पर पुलिस ने बालक के परिजनों को सूचित किया तथा बच्चे की मां से बात की गई। सारी जानकारी हासिल करने के बाद जेवर पुलिस थाना में संपर्क कर बालक की जानकारी उसके परिजनों तक पहुंचाने में सफलता हासिल की। उसके बाद बालक की मां योगिता देवी धर्मशाला आई और बालक को जिला बाल कल्याण समिति को दस्तावेजों की छानबीन के उपरांत सही पाए जाने पर बालक को परिजनों को सौंपने के आदेशों के उपरांत मंगलवार को उसे उसकी मां और भाई के सुपुर्द कर दिया।