अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला (कांगड़ा)। जिला खेल एवं युवा सेवाएं अधिकारी कांगड़ा संजय शर्मा ने बताया कि खेल एवं युवा सेवाएं विभाग ने धर्मशाला के सिंथेटिक ट्रैक में लंबी एवं मध्यम दूरी की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कांगड़ा एमआर भारद्वाज ने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।
शर्मा ने बताया कि 5 हजार मीटर की दौड़ प्रतिस्पर्धा में लड़कियों के वर्ग में निकिता शर्मा प्रथम रहीं। स्पर्धा में प्रतिमा दूसरे, जबकि मंजुला तीसरे स्थान पर रहीं। पांच हजार मीटर की दौड़ में लड़कों के वर्ग में किशोर पहले, अजीत कपूर दूसरे और चंदन शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने बताया कि 3 हजार मीटर की दौड़ में लड़कियों के वर्ग में काजल प्रथम, कुशाग्रता द्वितीय, जबकि महक कौंडल तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतिस्पर्धा में लड़कों के वर्ग में अरविंद पहले, आशीष दूसरे और शुभम डोगरा तीसरे स्थान पर रहे। पहला स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 6-6 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 5-5 हजार, जबकि तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 4-4 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।