अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। राजीव गांधी आयुर्वेदिक स्नातकोत्तर शिक्षण संस्थान पपरोला में आयोजित आयुर उत्सव का समापन हुआ। सात दिवसीय उत्सव के दौरान खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन समारोह में पालमपुर स्थित आईएचवीटी सीएसआईआर के निदेशक डॉ. संजय कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में अव्वल रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. वाईके शर्मा ने समारोह के सफल आयोजन के लिए प्रतिभागियों और संस्थान के चिकित्सकों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. टेक चंद ठाकुर ने बताया कि रंगोली में बिपाशा और ज्योति, कविता पाठ में मेघना, अभिलाषा तथा डॉ. शालिनी, वेस्टर्न डांस में शिवांश एवं सहयोगी, रितिका व सहयोगियों ने बखूबी प्रदर्शन किया। योग में जागृति, शबनम और चंद्रलता, पेंटिंग में ललिता व मयंक तथा मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका, शबनम वर्मा और शिविका शर्मा को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वाद विवाद में दीक्षा धीमान ने पहला, निखर ने दूसरा, कोरियोग्राफी में अंतिम वर्ष के छात्रों ने पहला और तृतीय वर्ष के छात्रों ने दूसरा स्थान हासिल किया। क्विज में तृतीय वर्ष के छात्रों ने पहला और प्रथम वर्ष के छात्रों ने दूसरा स्थान झटका। 2013 बैच के छात्रों ने ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।