ज्वालामुखी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओ की भीड़। संवाद
- फोटो : mathura
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में आस्था का सैलाब देखने को मिला। 30 मार्च से 6 अप्रैल तक चले नवरात्र के महापर्व के दौरान करीब 1.75 लाख श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दरबार में शीश नवाया।
इस दौरान श्रद्धालुओं की ओर से 91.19 लाख रुपये का चढ़ावा मां के चरणों में अर्पित किया। यह राशि पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक है। वर्ष 2024 में नवरात्र के दौरान कुल चढ़ावा 87 लाख रुपये दर्ज किया था।
इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने तीन समय के लंगर, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेडिकल कैंप और ड्रोन से निगरानी जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं को लागू किया था। साथ ही 80 सीसीटीवी कैमरों की सहायता से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में निगरानी रखी।
मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि इस बार नवरात्रों में न केवल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी, बल्कि चढ़ावे में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, शुक्रवार को भी शक्तिपीठ ज्वालामुखी में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। सुबह बारिश के बीच भी श्रद्धालु हजारों की संख्या में मंदिर पहुंचते रहे। शुक्रवार को करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने मां की पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए।