महिला चिकित्सक पर गिरी पेड़ की बड़ी टहनी, गंभीर घायल
रक्कड़ से पीरसलूही अस्पताल में डेपुटेशन पर ड्यूटी देने आई थीं डॉ. मीनाक्षी
अस्पताल के सहयोगी स्टाफ ने उपचार के लिए नादौन अस्पताल पहुंचाया
प्राथमिक उपचार के बाद घायल चिकित्सक को टांडा अस्पताल किया रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
रक्कड़/नादौन । उपमंडल के निकटवर्ती पीरसलूही अस्पताल परिसर में ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर पर अचानक पेड़ की बड़ी टहनी गिर गई। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गईं। घायल चिकित्सक को स्टाफ के सदस्यों ने नादौन अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायल चिकित्सक की पहचान डा. सोनाक्षी निवासी गांव सूंही गरली परागपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पीरसलूही अस्पताल के स्टाफ सदस्यों सुनील शर्मा, कुलदीप कुमार, शम्मी, हरीश आदि ने बताया कि डॉ. सोनाक्षी शर्मा बुधवार को अस्पताल से बाहर की ओर निकल रही थीं कि सीढ़ियां चढ़ते समय पेड़ की एक बड़ी टहनी उन पर गिर गई। उन्होंने बताया कि डॉक्टर टहनी के नीचे बुरी तरह से दब गई थी। सुनील शर्मा ने बताया कि यह देख सभी लोग उस ओर भागे तथा बड़ी कठिनाई से चिकित्सक को टहनी के नीचे से बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि पेड़ का बड़ा भाग चिकित्सक की पीठ पर आ गिरा। जिस कारण उसके सिर, पीठ और टांगों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल चिकित्सक डा. सोनाक्षी रक्कड़ अस्पताल में तैनात हैं। परंतु पीर सलूही अस्पताल में डेपुटेशन पर ड्यूटी देने आई थीं। इस संबंध में डा. बीएस राणा ने बताया कि गंभीर चोटों को देखते हुए महिला चिकित्सक को टांडा रेफर कर दिया गया है।