शांता की बैठक में नहीं पहुंचे मत्री, विधायक
शिमला में कैबिनेट बैठक के चलते नहीं आए जिला के चारों मंत्री
विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक से 7 विधायक भी नदारद
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। सांसद शांता कुमार की अध्यक्षता वाली विकास समन्वय एवं निवारण समिति की बैठक से कांगड़ा जिला के चार मंत्री और सात विधायक नदारद रहे, जिसमें चार विधायक भाजपा के शामिल हैं। बैठक में भाजपा विधायकों का उपस्थित न होना पूरा दिन चर्चा का विषय बना रहा। लोकसभा चुनावों की दृष्टि से यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में केंद्र सरकार से आए विभिन्न योजनाओं के बजट के खर्च पर चर्चा हुई, लेकिन मंत्रियों और विधायकों का नदारद रहना भाजपा को कांगड़ा जिला के लिए शुभ संकेत नहीं है। जयराम सरकार के कैबिनेट मंत्री किशन कपूर, विक्रम ठाकुर, सरवीण चौधरी, विपिन परमार सहित विधायक पवन काजल, रमेश ध्वाला, होशियार सिंह, आशीष बुटेल, राकेश पठानिया, सुजान सिंह पठानिया और रवि धीमान बैठक से नदारद रहे। कैबिनेट की बैठक होने के कारण जिला से चार मंत्री शिमला में होने के कारण बैठक में नहीं आए, लेकिन सात विधायकों का बैठक में न आना चर्चा का विषय रहा।
इनसेट
पहले भी स्थगित हुई है बैठक
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक भी सांसद शांता कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई। इसमें भी जिला के सभी मंत्री और विधायक आपेक्षित रहते हैं। पहले समिति की बैठक 5 जून को प्रस्तावित थी, लेकिन उस दिन भी कैबिनेट बैठक के चलते अंतिम समय में स्थगित कर दी थी। इस कारण यह बैठक मंगलवार को हुई।