तीमारदारों ने खोली अव्यवस्थाओं की पोल
कहा-सीएम साहब, आपके आने से पहले ही सुधारी व्यवस्था
कांगड़ा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा पहुंचे मुख्यमंत्री उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद सीधे अस्पताल की तरफ मुड़ गए। ऐसा देखते ही सीएम के साथ सारा काफिला अस्पताल की ओर चल पड़ा। सीएम सीधे महिला वार्ड में गए। वहां सीधे जाकर उन्होंने शौचालयों की हालत देखी। इतने में वहां एक तीमारदार सीधे सीएम के सामने आ खड़ा हुआ। तीमारदार ने आरोप लगाया कि उनके आने से पहले कई बिस्तरों पर दो-दो रोगी थे लेकिन अब एक बिस्तर पर एक रोगी लेटा है। इसके बाद चंबा से आए सुधीर ने सीएम के समक्ष अव्यवस्थाओं की पोल खोल दी। सुधीर ने बताया कि वह चंबा से हैं। आरोप लगाया कि चंबा में उसकी बेटी को वहां एक चिकित्सक ने बिना जांच किए ही टांडा रेफर कर दिया। रविवार शाम से उसकी बेटी शिशु रोग वार्ड में दाखिल है। आरोप लगाया कि किसी डॉक्टर ने उसकी बच्ची को नहीं देखा। बस गलूकोज लगा रखा है। सुधीर ने कहा कि टांडा भी नाम का ही अस्पताल है। पिछले कल से बेहद परेशानियां झेल रहे हैं। सीएम के सामने उसने अपनी समस्या बता दी है। उसने उम्मीद जताई है कि सीएम उसकी समस्या पर गौर करेंगे। सीएम ने टांडा अस्पताल की खामियों को शीघ्र दूर करने का भरोसा दिया। पालमपुर में गैंग रेप पीड़िता के परिजन भी सीएम से मिले। उन्होंने आरोपियों को शीघ्र पकड़ने की मांग की।
मैं किसी के एंटी नहीं हूं
मेडिकल कॉलेज परिसर में उद्घाटन के बाद सीएम को मीडिया ने घेर लिया। सीएम विपरीत दिशा में खड़े थे। इस दौरान पत्रकारों ने कहा कि सर एंटी लाइट है। इतने में तपाक से सीएम ने कहा कि मैं किसी के एंटी नहीं हूं।