डेढ़ साल के बच्चे के साथ महिला गायब
परागपुर (कांगड़ा)। स्थानीय कस्बे परागपुर से एक महिला अपने दुधमुंहे बच्चे को लेकर रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई है। महिला की सास ने अपनी बहू की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाना देहरा में दर्ज करवा दी है। सास सुमन सूद ने पुलिस को बताया कि 24 अप्रैल को उसकी बहू रेखा देवी उर्फ निधि सूद (25) डेढ़ वर्ष के बच्चे सानिध्य को लेकर घर से अपनी मासी के यहां जाने को कहकर निकली और अगले दिन वापस आ जाने की बात कही थी, लेकिन आज दिन तक वह नहीं लौटी है। उसने बहू और पोते की हर जगह तलाश कर ली है लेकिन अभी तक उनका कोई भी सुराग नहीं चल सका है। सास ने कहा कि उसके बेटे की मृत्यु करीब नौ महीने पहले हुई है। उधर, डीएसपी देहरा लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर गुमशुदा महिला और बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।