सलीम के गानों पर झूमा बैजनाथ
मास्टर सलीम के नाम रही राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या
शहरी विकास मंत्री सरवीण रहीं मुख्य अतिथि
अमर उजाला है महोत्सव में मीडिया प्रयोजक
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पंजाबी और बॉलीवुड गायक मास्टर सलीम के नाम रही। सलीम ने मंच संभालते ही पंडाल में मौजूद दर्शकों को नचाना शुरू कर दिया। इससे पूर्व सांस्कृतिक संध्या की मुख्य अतिथि शहरी एवं ग्रामीण विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने समारोह का आगाज किया।
स्थानीय विधायक मुलख राज प्रेमी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया, जबकि मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम विकास शुक्ला भी उनके साथ उपस्थित रहे। अमर उजाला महोत्सव में मीडिया प्रयोजक की भूमिका निभा रहा है। सलीम ने कार्यक्रम की शुरुआत गणेश भगवान व भोले शंकर के भजन से की। तेरी जय हो गणेश, भोले दी बारात चली गज बज के, मस्त कलंदर मस्त कलंदर, मां दा लाडला, आई आई, मस्त मलंग, मौज लग गई ए मौज लग गई ए, तेरा ठुमका... गाने गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इससे पहले स्थानीय पहाड़ी गायक धीरज शर्मा ने पहाड़ी गीतों को बखूबी अंजाम दिया।
शिमला के हेमंत शर्मा ने अपनी दिलकश आवाज में आइये जनाब, तेरा मेरा प्यार कमली, म्हारे रोहड़ू मेले दा जाना, तेरी चाल ठुमके वाली... गाने पेश कर खूब तालियां बटोरीं। स्थानीय कलाकार आकांक्षा, गोपाल सूद, निशा शर्मा व अन्य कलाकारों ने भी कार्यक्रम पेश किए।
आज आलम होंगे स्टार कलाकार
शिवरात्रि महोत्सव की अंतिम व तीसरी सांस्कृतिक संध्या में आलम बीर खान स्टार गायक होंगे। मेला कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि जिलाधीश संदीप कुमार सांस्कृतिक संध्या के मुख्यातिथि होंगे, जबकि स्थानीय विधायक मुलख राज प्रेमी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।