अमर उजाला ब्यूरो
धीरा(कांगड़ा)। धीरा के पुराने बाजार में शनिवार सुबह आग लगने से एक कपड़े की दुकान राख हो गई। आग से दुकान के अंदर रखा सारा सामान जल गया। अग्निकांड में करीब आठ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पाया। एसडीएम धीरा ने भी घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। धीरा के पुराने बाजार में सुबह करीब पांच बजे रवि क्लाथ हाउस से स्थानीय लोगों ने धुआं निकलते देखा। लोगों ने इसकी सूचना दुकान मालिक संजीव कुमार को दी। साथ ही पुलिस चौकी धीरा और पंचायत प्रधान कविता धरवाल
को भी इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया। हालांकि, इससे पहले लोग भी आग बुझाने में लगे रहे, लेकिन, दुकान में लगी आग पर करीब दो घंटे के बाद काबू पाया गया। इस दौरान दुकान में रखे कपड़े जल कर राख हो गए। बताया जाता है कि अग्निशमन विभाग आग पर जल्द काबू नहीं पाता तो अन्य दुकानों तक आग पहुंच सकती थी। दुकान में लगी आग से दुकान मालिक रवि कुमार और संजीव कुमार को करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस चौकी प्रभारी धीरा जितेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। ग्राम पंचायत प्रधान कविता धरवाल ने प्रभावित दुकानदार को पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया है। आग से दुकान के बाहर खड़ी एक कार को भी आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। धीरा के उपमंडलाधिकारी विवेक शर्मा ने नायब तहसीलदार दिलो राम के साथ घटनास्थल का दौरा किया एवं स्थिति का जायजा लिया । उन्होंने प्रभावित दुकानदार को फौरी राहत के रूप में पांच हजार रुपये की सहायता प्रदान की।