अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालामुखी में मिनी सचिवालय के बाहर एनएच पर लगी रेहड़ी-फड़ियों को वीरवार को पूरी तरह से प्रशासन ने हटवा दिया है। एसडीएम राकेश शर्मा के निर्देशानुसार तहसीलदार ज्वालामुखी वेद प्रकाश की अगुवाई में एनएच जेई सुशील कुमार, नप ड्राफ्टमैन राकेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक विपिन कुमार और पुलिस दल के साथ मिनी सचिवालय के बाहर अवैध रूप से एनएच पर लगी दर्जनों रेहड़ी-फड़ियों को हटवाया गया। रेहड़ी फड़ियां लगाने वालों में इस कार्रवाई से रोष है। उनका कहना है कि उन्हें उजाड़ा न जाए, बल्कि बसाया जाए। वे वर्षों से ज्वालामुखी में कारोबार कर रहे हैं।
बस स्टैंड के साथ एनएच पर लगी रेहड़ी-फड़ियों को हटाने के लिए बुधवार को रेहड़ी फड़ी मालिकों को नगर परिषद की ओर से सूचना दे दी गई थी। बावजूद इसके वीरवार को फिर से रेहड़ी फडी वालों ने सामान सजा दिया था। इस पर प्रशासन ने पूरी तरह से बस स्टैंड के बाहर एनएच पर मिनी सचिवालय से लेकर देहरा मार्ग स्कूल तक लगी सभी रेहड़ी-फड़ियां हटवा दीं और दोबारा न लगाने के सख्त निर्देश भी जारी कर दिए हैं। नगर परिषद ने मौका पर मौजूद रेहड़ियों का सामान भी जब्त कर लिया है।