जिले में सब्जी विक्रेता निर्धारित मार्जन से अधिक पर बेच रहे सब्जियां, विभाग ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से वीरवार को जिले के कई क्षेत्रों में सब्जी व्रिकेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। विभाग की टीमों ने धर्मशाला, कांगड़ा, गगल, नगरोटा-बगवां और बैजनाथ में दबिश दी। इस दौरान विभाग ने कई दुकानों को रेट लिस्ट न लगाने और महंगे दामों पर सब्जी बेचने को लेकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धर्मशाला की चार सब्जी की दुकानों से 169 किलो की सब्जी जब्त की गई।
इसके साथ ही कई क्षेत्रों के 12 विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ा है। वहीं, विभाग ने जिन विक्रेताओं से सब्जी जब्त की है, उन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है। इसके बाद ही विभाग की ओर से जुर्माना लगाया जाएगा। हाल ही में अमर उजाला ने जिले में सब्जी दुकानों में बिक रही महंगी सब्जी के मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विभाग ने हरकत में आकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जहां चार दुकानों से सब्जी जब्त की वहीं कुछ को चेतावनी देकर छोड़ा गया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि जिले के कई सब्जी विक्रेता बिना रेट लिस्ट और निर्धारित मार्जिन से अधिक महंगी सब्जियां बेच रहे थे। जानकारी मिलने के बाद निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 169 किलो सब्जी और 12 विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा।