तीन फुट बर्फ के बीच पीठ पर उठाकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाई बीमार लड़की
सबहेड
मुल्थान में बर्फबारी ने बढ़ाई स्थानीय लोगों की मुसीबत, बरोट-कोठी कोढ़ सड़क बंद होने से परेशानी
छह किलोमीटर पीठ, 12 किलोमीटर दोगुना किराया देना पड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
मुल्थान (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा की दुर्गम घाटी मुल्थान में बर्फबारी ने स्थानीय लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। बर्फबारी के कारण तहसील की अंतिम पंचायत कोठी कोढ़ की बीमार लड़की को करीब छह किलोमीटर पीठ पर उठाकर सड़क तक पहुंचाया गया। तब जाकर उसका उपचार किया जा सका। युवकों ने कोठी कोढ़ से छह किलोमीटर पीठ पर उठाकर, जबकि 12 किलोमीटर छोटी गाड़ी से लड़की को बरोट पहुंचाया। मंगलवार सुबह लड़की को पेट दर्द हुआ था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोठी कोढ़ में करीब तीन फुट बर्फ है। बरोट से कोठी कोढ़ करीब 18 किलोमीटर है। छह किलोमीटर सड़क वाहनों के लिए बंद है। मंगलवार को बबिता पुत्री भजन सिंह बाली को करीब छह किलोमीटर बारी-बारी 20 लोगों ने पीठ पर उठाकर खुली सड़क तक पहुंचाया। जबकि 12 किलोमीटर सफर दोगुना किराया देकर छोटी गाड़ी से पूरा किया गया।
स्थानीय निवासी सीता राम, पूर्ण चंद, विक्रम, यशपाल, तिरलोक चंद, सौरभ, शांता कुमार, विपन और देशराज ने बताया कि कोठी कोढ़ के सलाह गांव की लड़की रहने वाली है। बरोट में लड़की का उपचार करवाया गया है। अब लड़की की तबीयत ठीक है। उधर, लोनिवि के एसडीओ वनीत ने कहा कि पिछली रात बर्फबारी हुई है। इससे सड़क बंद हो गई है। बुधवार से फिर सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया जाएगा।