मोटिवेशनल फिल्म बनाएंगे राकेश शर्मा
हिमाचलियों का पलायन नहीं होने देंगे
संस्कारों के प्रति युवा पीढ़ी को करेंगे जागरूक
विनोद शर्मा
डरोह (कांगड़ा)। इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन और मूल रूप से तहसील पालमपुर के खड़ूल गांव के निवासी राकेश शर्मा बहुत जल्द एक मोटिवेशनल फिल्म बनाने जा रहे हैं। इसके लिए वे हिमाचल के कई जाने-माने कलाकारों से संपर्क कर चुके हैं। राकेश शर्मा ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में बताया कि हिमाचलियों का अपने प्रदेश से बाहर के राज्यों में ओर विदेशों में पलायन नहीं होने दिया जाएगा। उन्हें अपने ही राज्य में आत्मनिर्भर होने के अवसर प्रदान किए जाएंगे। हिमाचल जैसे सुंदर और साफ वातावरण वाले राज्य में पर्यावरण से छेड़छाड़ किए बिना और वातावरण को अनुकूल रखते हुए ऐसे कारोबार के अवसर मौजूद हैं, जिससे की विदेशी मुद्रा भी अर्जित की जा सकती है। देश का ब्रेन ड्रेन हो रहा है। लोग पढ़ लिखकर विदेशों में बसने लगे हैं। वहां पर हिमाचल प्रदेश जैसा वातावरण नहीं है। यहां रहने वाले हर आदमी की आयु दूसरे देशों के मुकाबले ज्यादा होती है। इसका कारण स्वच्छ वातावरण ही है। प्रदेश के युवाओं को अपने संस्कारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। युवा पैसे के लिए बाहर जा रहे हैं और अपने मां-बाप को छोड़ रहे हैं। इससे समाज में अराजकता जैसी स्थिति पैदा हो गई है। मां-बाप अपने बच्चों को लेकर चिंतित हैं। शर्मा ने कहा कि फिल्म भी इस प्रकार की घटनाओं पर आधारित होगी, जो समाज में जहां बच्चों को प्रेरणा देगी। वहीं, बूढे मां-बाप को भी औलाद के साथ जोड़ने का प्रयास करेगी।
हथकरघा क्षेत्र में पाई है सफलता: राकेश
राकेश शर्मा हथकरगा उद्योग में प्रदेश के कई कामगारों को अपने ही देश में ओर विदेशों में पहचान दिलाने का काम बखूबी निभा चुके हैं। कई लोगों को बढ़िया रोजगार दिलाने में भी कामयाब हुए हैं। हिमाचलियों के हाथों से बनाई कलाकृतियां और सामान विदेशों में हिमाचल की पहचान बना है।
---