अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश के जिला चंबा को केंद्र सरकार की ओर से पिछड़ा जिला घोषित करने पर सांसद शांता कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्र सरकार का धन्यवाद दिया है। शांता का कहना है कि जिला चंबा को पिछड़ा जिला घोषित कर प्रदेश की भाजपा सरकार को केंद्र सरकार का बड़ा उपहार है।
उन्हें इस बात की भी खुशी है कि इसका शुभारंभ करने के लिए स्वयं केंद्र से स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आ रहे हैं। देश में हुए विकास की सबसे बड़ी कमी यह रही है कि विकास होता गया पर आर्थिक विषमता भी बढ़ती गईं। कई कारणों से कुछ क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ गए। देश के बहुत से प्रदेशों में इस प्रकार कई जिले हैं, जहां ज्यादा पिछड़ापन और गरीबी है। लिहाजा, इस कमी को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने एक नई योजना बनाई है। इसके तहत देश में पिछड़े जिलों के विकास के लिए विशेष प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि हिमाचल विकसित प्रदेशों में है, लेकिन, चंबा जिला विकास की दौड़ में बहुत पीछे रह गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि भारत सरकार ने प्रदेश के विशेष कर उनके चुनाव क्षेत्र जिला चंबा को पिछड़ा जिला घोषित किया है। उसके उसके के लिए नई योजना बनेगी और अधिक साधन आएंगे। इसके लिए शांता ने जिला चंबा के लोगों को बधाई भी दी है। कहा कि चंबा और कांगड़ा जिला के विकास के लिए चंबा में सीमेंट उद्योग का लगाया जाना बेहद जरूरी है। वे स्वयं इसके लिए सालों से प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि वे केंद्र सरकार, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से इस दिश में विशेष प्रयत्न करने का अनुरोध करेंगे। इससे चंबा जिला के हजारों बेरोजगारों को रोजगार मिल सकते हैं।