अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। सेना के रिसर्विस्ट्स सैनिकों को ओआरओपी (वन रैंक वन पेंशन) का लाभ दिलाने के लिए पूर्व सैनिक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। एआरडीपी (एसोसिएशन ऑफ रिटायर्ड डिफेंस पर्सन धर्मशाला) शीघ्र ही ओआरओपी के लिए एएफटी (आर्म्ड फोर्स ट्रिब्यूनल) में केस दर्ज करवाएगा। इस संबंध में धर्मशाला के बड़ोल में एआरडीपी की बैठक हुई।
एआरडीपी के अध्यक्ष ब्रिगेडियर एससी पाठक की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में रिसर्विस्ट्स के लिए ओआरओपी की कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए रणनीति तैयार की गई। इसे लेकर रिसर्विस्ट्स फौजी और वीर नारियां अपनी डिस्चार्ज बुक और बैंक पास बुक की फोटो कॉपी एआरडीपी की 17 दिसंबर को होने वाली बैठक में लेकर आ सकते हैं। एआरडीपी के अध्यक्ष ब्रिगेडियर एससी पाठक ने बताया कि सरकार से जारी ओआरओपी का लाभ अभी भी कई सैनिकों को नहीं मिल पाया है। इससे पूर्व सैनिकों को आर्थिक हानि झेलनी पड़ रही है। पूर्व सैनिकों को ओआरओपी का लाभ दिलाने के लिए एआरडीपी लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ओआरओपी से वंचित पूर्व सैनिक सहित अन्य पूर्व सैनिक भी एआरडीपी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।