जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर क्षेत्र की खन्नी पंचायत के गांव परगना का एक युवक साइबर क्राइम का शिकार हुआ है। साइबर ठगों ने युवक को 25000 रुपये का चूना लगाया है और बड़ी चालाकी से इस घटना को अंजाम देकर पीड़ित को अपनी ठगी का शिकार बनाया।
नूरपुर थाना में दर्ज करवाई गई शिकायत में अंकुश पुत्र सुभाष चंद ने कहा कि उसके मोबाइल पर ई मेल में सूचना आई कि विदेश में नौकरी मिल जाएगी, लेकिन उसे 25 हजार रुपये की राशि अमुक खाते में जमा करवानी होगी। राशि जमा करवाने के कुछ दिनों बाद उसे दोबारा ई मेल के माध्यम से उससे 52,999 रुपये की मांग की गई। इस पर उसका माथा ठनका, क्योंकि यह ठग सिर्फ पैसे भेजने की ही बात कर रहे थे, जबकि नौकरी संबंधित कोई भी पत्राचार नहीं कर रहे थे। अपनी दूसरी ई मेल में जिस कथित ई मेल का नाम लिखा है, उससे साफ पता चलता है कि वे कितने शातिर ठग थे। इस ई मेल में यूके के हाई कमीशन और ब्रिटिश एंबेसी जैसे भ्रामक शब्द लिखे गए थे, ताकि आवेदनकर्ता को लगे कि उसको प्राप्त होने वाले सभी उक्त मैसेज किसी विदेशी दूतावास से भेजे गए हैं। इस दूतावास का उल्लेख कर शातिर ठगों ने एक कंपनी और अन्य व्यक्ति के खाते का उल्लेख कर बकाया राशि का जो कि 52999 रुपये थी, को जमा करवाने के लिए कहा। अंकुश कुमार के अनुसार पहले भेजे गए 25000 रुपये के लिए एक अन्य खाते का उल्लेख किया गया था, जबकि दूसरी बार किसी अन्य खाते में राशि जमा करवाने की बात कही गई थी। पीड़ित परिवार ने पुलिस से इस गिरोह का पर्दाफाश कर कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है।
-ठगी के उक्त मामले की जांच जांच कर आरोपियों की उचित वह कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -मेघनाथ चौहान, डीएसपी, नूरपुर