धर्मशाला। प्रदेश सरकार की ओर से सिर्फ आश्वासन ही मिलने से स्वास्थ्य सोसायटियां खफा हैं। नाराज सोसायटियों ने आगामी चुनावों में सरकार के बहिष्कार का निर्णय लिया है। सरकार के झुनझुनों से आहत स्वास्थ्य सर्व अनुबंध कर्मचारी समिति के सदस्य ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने करीब डेढ़ साल पहले स्वास्थ्य विभाग में आठ वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने की बात कही थी। इसके लिए उन्होंने एक समिति का गठन तक किया था और उनके नियमितीकरण की प्रक्रिया के मुद्दे को अमलीजामा पहनाने के लिए कैबिनेट की मीटिंग में रखने की बात कही थी, लेकिन अब तक प्रदेश सरकार पांच से छह कैबिनेट मीटिंग बुला चुकी है। बावजूद इसके नियमितीकरण के आश्वासन को अमलीजामा नहीं पहनाया गया हैै। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्वास्थ्य सर्व अनुबंध कर्मचारी समिति कई बार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और स्वास्थ्य मंत्री से भी मिल चुकी है, लेकिन उनसे मात्र आश्वासन ही प्राप्त हुए हैं। उन्होंने अब प्रदेश सरकार को चेतावनी दी है कि अगर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के नियमितीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र अमलीजामा न पहनाया गया तो उन्हें आगामी विस चुनावों में सरकार का बहिष्कार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में विभिन्न स्वास्थ्य सोसायटियों में 1500 के करीब लोग सेवाएं दे रहे हैं, जो नियमित होेने की आस लिए बैठे हैं।