डमटाल (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस ने ढांगूपीर में एक घर से 15.33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। आरोपी ने चिट्टे को शहद के खाली डिब्बे में छिपाकर अलमारी में रखा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार सीआईए और ढांगूपीर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू बस्ती ढांगूपीर निवासी गुरपिंद्र सिंह अपने घर से चिट्टा बेच रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को उसके घर में दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान की ऊपरी मंजिल के कमरे में रखी लोहे की अलमारी से शहद का एक डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बा कपड़ों के बीच छिपाया गया था। इसे खोलने पर अंदर पॉलीथीन में रखा 15.33 ग्राम चिट्टा मिला।
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने चिट्टा कब्जे में गुरपिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अब यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाया था और इसकी तस्करी में अन्य कौन लोग शामिल हैं।