चरनाली और करदंवाल के लिए जल्द बनेंगे संपर्क मार्ग
विधायक राकेश पठानिया ने किया शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। विधायक राकेश पठानिया ने जनसंपर्क अभियान के तहत भलून, खैरियां और खेल (खज्जियां) पंचायत का दौरा किया। उन्होंने लगभग 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चरनाली संपर्क मार्ग, अनुसूचित जनजाति मोहल्ला भलून और खज्जियां गौशाला से करदंवाल संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व वीरभद्र सरकार के कार्यकाल में नूरपुर हलके के विकास की गाड़ी पटरी से नीचे उतर गई थी, जयराम सरकार के सत्ता में आने के बाद अब पटरी पर लौटने लगी है। नूरपुर क्षेत्र के हर गांव में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक समान विकास को तरजीह दी जा रही है। बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के आदेश दिए गए हैं। इस मौके पर खेल पंचायत के प्रधान बाबी राणा, भलून के उपप्रधान रणधीर सिंह, खैरियां पंचायत के पूर्व प्रधान कुलदीप पठानिया, बलवान सिंह, बीना देवी, आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता देवेंद्र राणा, लोनिवि के सहायक अभियंता अरुण वशिष्ठ, अमन कुमार, राकेश चौधरी आदि मौजूद रहे।