अमर उजाला ब्यूरो
डमटाल/इंदौरा(कांगड़ा)। पूर्ण चंद से मारपीट मामले में पुलिस कार्यप्रणाली से असंतुष्ट ग्रामीणों ने निजी विवि के समीप वीरवार को भी एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाए हुए हैं। तीन दिन बीत जाने के बाद भी अभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं।
मामले में असंतुष्ट लोगों से मिलने स्थानीय विधायक रीता धीमान, एसडीएम इंदौरा गौरव महाजन, नूरपुर के डीएसपी मेघराज चौहान और इंदौरा थाना प्रभारी संदीप पठानिया मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि शुक्रवार को ज्वाली में पहुंच रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से पूरे मंड क्षेत्र के लोग मामले से रूबरू करवाएंगे। साथ ही मामले में प्रशासन और पुलिस के कार्यप्रणाली की शिकायत भी सीएम से की जाएगी। क्योंकि इससे पूर्व ग्रामीणों ने प्रशासन को बाकायदा लिखित में जान को खतरा होने की शिकायत भी दी थी। उधर, डीएसपी मेघराज चौहान ने कहा कि आरोपियों के ऊपर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की धर पकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।
प्रशासन को दिए हैं कड़े निर्देश
इंदौरा की विधायक रीता धीमान ने कहा कि प्रशासन को कड़े निर्देश दिए हैं। इस बाबत उच्च अधिकारियों से भी बात हो गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो वे स्वयं मुख्यमंत्री से मिल कर इस बारे में बात करेंगी।