चढ़ियार (कांगड़ा) उप तहसील चढ़ियार के दुर्ग पटवार सर्कल में मंगलवार को सुबह भारी बरसात के चलते सावित्री देवी पत्नी स्वर्गीय प्रेम सिंह का दो मंजिला सलेटपोश मकान गिर गया। दुर्ग पंचायत के वार्ड नंबर-चार निवासी सावित्री देवी का मकान जब गिरने लगा तो वह और उसका बेटा घर के अंदर ही मौजूद थे। उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई।
दुर्ग पंचायत के प्रधान प्रदीप चंद कटोच और स्थानीय पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उधर, सोमवार देर रात को भारी बरसात के कारण चढ़ियार से बैजनाथ और पालमपुर सड़क मार्ग जगह-जगह ल्हासे गिरने से वाहनों की आवाजाही के लिए 24 घंटे तक बंद रहा। चढ़ियार से पालमपुर सड़क मार्ग में सोमवार देर रात को भारी बरसात के चलते टाची, दुर्ग और भुआणा के पास जगह-जगह लहासे गिर गए। इससे सड़क मार्ग पूरी तरह वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया। इस कारण क्षेत्र के लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद इसे मंगलवार दोपहर एक बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। वहीं, बैजनाथ को चढ़ियार से जोड़ने वाली चोबू-भुलाणा सड़क भी भारी बरसात के चलते जगह-जगह पर ल्हासे गिराने से सड़क पूरी तरह से बहनों के लिए बंद हो गई। इसे मंगलवार दो बजे तक बहाल किया जा सका।
बाक्स
दुर्ग माध्यमिक स्कूल के दो कमरे गिरे
चढ़ियार(कांगड़ा)। चढ़ियार क्षेत्र में भारी बरसात के चलते सोमवार देर रात राजकीय माध्यमिक पाठशाला दुर्ग के दो कमरे गिर गए हैं। सोमवार देर रात को राजकीय मिडिल स्कूल दुर्ग के दो कमरों की दीवार भारी बरसात के चलते गिर गई और लेंटर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। स्कूल के रसोई घर का पूरा समान क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्ग पंचायत प्रधान प्रदीप चंद कटोच ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और इसकी सूचना विभाग और हलका पटवारी को दी।