बैजनाथ (कांगड़ा)। भादो माह के अंतिम सोमवार को महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 3 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की कतारें लगना शुरू हो गईं, जो देर रात 9 बजे तक जारी रहीं। दिनभर में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकाल मंदिर में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की।
मंदिर के समीप सामुदायिक भवन में बैजनाथ युवा मंडल की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान सांसद अनुराग शर्मा, एसडीएम संकल्प गौतम और तहसीलदार रमन ठाकुर ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मंदिर न्यास के ट्रस्टियों ओम प्रकाश, जगदीश मेहता, नितिन, गायत्री, रमेश चौधरी, प्रीतम कटोच और जगरूप आदि ने मंदिर व्यवस्थाओं में सहयोग किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
मंदिर पुजारी रामकुमार शर्मा ने बताया कि भादो माह में शनि शीला पर काले तिल, तेल, माह और काले रंग की वस्तुएं अर्पित करने से नवग्रह की कुदृष्टि से बचाव होता है।