डाडासीबा में हाई वोल्टेज ने उड़ाए टीवी-फ्रिज
डाडासीबा (कांगड़ा)। डाडासीबा में अचानक वोल्टेज बढ़ने के कारण करीब दो दर्जन बिजली के उपकरण जल गए। हाई वोल्टेज के कारण लोगों को हजारों रुपये का नुकसान हो गया।
स्थानीय निवासी बुद्धि सिंह, राजेश कुमार, राज कुमार, प्रदीप कुमार और नरेश शर्मा ने बताया कि वोल्टेज बढ़ जाने के कारण उनके टीवी खराब हो गए। वहीं, पंकज कुमार, संजय शर्मा, नरेश कुमार आदि ने सेटटॉप बॉक्स खराब होने की बात कही। राज कुमार मेहरा ने बताया कि उनका मोबाइल फ़ोन और टीवी भी खराब हो गया। इसके आलावा करीब एक दर्जन लोगों के एलईडी बल्ब और ट्यूब हाई वोल्टेज के कारण खराब हुए। इस संबंध में सहायक अभियंता केएस पटियाल ने बताया कि इसकी सूचना उन्हें रात को ही मिल गई थी। उन्होंने कर्मचारी को मौके पर भेजा था। इस संबंध में वह पर्याप्त जानकारी सोमवार को ही उपलब्ध करवा पाएंगे।