अब हेलीकॉप्टर से बुझेगी कांगड़ा के जंगलों की आग
जरूरत पड़ने पर वन विभाग को उपलब्ध करवाए जाएंगे हेलीकॉप्टर
कांगड़ा जिले को मंजूर हुआ एक हेलीकॉप्टर
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। अब जिला कांगड़ा में जंगलों की आग हेलीकॉप्टर से बुझाई जाएगी। इसके लिए कांगड़ा जिला को एक हेलीकॉप्टर मंजूर हो गया है। जंगलों में लगने वाली आग को बुझाने के लिए इस हेलीकॉप्टर का प्रयोग किया जा सकेगा। इसके लिए वन विभाग को हेडक्वार्टर में संपर्क करना पड़ेगा, जबकि सूचना मिलते ही हेड ऑफिस से हेलीकॉप्टर उपलब्ध करवाया जाएगा।
हालांकि, शुक्रवार को हुई बरसात के बाद कांगड़ा जिला में जंगलों में लगने वाली आग से वन विभाग ने राहत की सांस ली है। शनिवार को भेजी गई फायर रिपोर्ट में एक भी मामला आग का सामने नहीं आया है, लेकिन फिर भी सरकार के आदेशों के बाद कांगड़ा जिला में आग की घटना से निपटने के लिए हेलीकॉप्टर की सुविधा दी गई है।
हेलीकॉप्टर से ऐसे वन क्षेत्रों में लगने वाली आग पर काबू पाया जाएगा, जहां पर अग्निशमन विभाग की गाड़ी नहीं पहुंच सकती है। उधर, डीएफओ धर्मशाला प्रदीप भारद्वाज ने बताया कि कांगड़ा जिला को हेलीकॉप्टर सेंक्शन हो गया है। इसके लिए हेडर्क्वाटर से जब भी हेलीकॉप्टर की डिमांड की जाएगी, वह आग बुझाने के लिए उपलब्ध हो जाएगा।