मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी नूरपुर ने लंबित मामलों के निपटारे के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर (कांगड़ा)। जिला पुलिस मुख्यालय नूरपुर में वीरवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक एसपी कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले की कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति के अलावा लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
साथ ही अनुसंधान की गुणवत्ता और अपराध नियंत्रण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी नूरपुर ने सभी अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण, पेशेवर कार्यशैली बनाए रखने और जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जनवरी माह के दौरान जिले में कुल 115 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 48 मामलों का निपटारा किया गया। इसमें एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 11 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 132.21 ग्राम हेरोइन, 472 ग्राम पोस्त भूसी और 1.458 किलोग्राम चरस बरामद की गई।
इसके अतिरिक्त चोरी/ सेंधमारी के 8 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक वाहन चोरी होने के मामले में कार्रवाई करते हुए वाहन को 24 घंटे के भीतर बरामद किया गया। साथ ही जिला पुलिस ने 4 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया और 15 लापता व्यक्तियों को ट्रेस किया। एसपी ने बैठक में उपस्थित सभी पुलिस कर्मियों को नशा उन्मूलन, यातायात प्रबंधन, अपराध रोकथाम तथा जनसहयोग को बढ़ावा देने के लिए और अधिक प्रभावी कार्य करने के लिए प्रेरित किया। बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएचओ नूरपुर, एसएचओ इंदौरा और एसएचओ जवाली को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।