मुल्थान (कांगड़ा)। मुल्थान तहसील से 10 किलोमीटर दूरदराज पंचायत पोलिंग के गांव अंद्रली मलाह में सोमवार सायं रमेश कुमार और रूप चंद दोनों भाइयों के 8 कमरों के दो मंजिला मकान में आग लग गई। इससे मकान जलकर राख हो गया है, जबकि दो जर्सी गाय भी जिंदा जल गईं। इससे पीड़ितों को करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना के समय घर में कोई भी नहीं था।
पंचायत प्रधान रूपलाल, हीरा लाल, मंगत राम, निम चंद और अग्निकांड पीड़ित रमेश और रूपलाल ने बताया कि शाम के समय घर पर कोई भी नहीं था। परिवार के सदस्य घास लाने गए थे। गांव के लोगों ने मकान से धुंआ निकलते देखा और शोर मचा दिया। आस-पड़ोस के गांव पोलिंग, तरमेहर, लोहारड़ी, लोआई और स्वाड के लोगों ने रात करीब आठ बजे तक आग पर काबू पाया। पीड़ितों ने कहा कि हमारा मकान पूरा जल गया है। इससे घर में सर्दियों के लिए रखा सामान, गहने, राशन, कंबल, बच्चों की किताबें सहित सब जलकर राख हो गया।
पुलिस चौकी मुल्थान के प्रभारी लाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं मुल्थान के नायब तहसीलदार जगत राम ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित रमेश को 10000 रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। वहीं तरमेहर के पूर्व प्रधान मेहर चंद ने 6000 रुपये दिए। पीड़ित परिवार के रहने और खाने का इंतजाम सोमवार को अंद्रिली मलाह गांव के लोगों ने किया।