बैजनाथ शिव मंदिर, महाकाल की
सीसीटीवी कैमरे से होगी मॉनिटरिंग
एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया निर्णय
साप्ताहिक गतिविधियों को हर हफ्ते चेक करेगा पांच सदस्यीय कमेटी
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। शिव मंदिर बैजनाथ और महाकाल मंदिर में होने वाली हर गतिविधि की हर सप्ताह मॉनिटरिंग होगी। शनिवार को एसडीएम बैजनाथ विकास शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि दोनों मंदिरों में होने वाली साप्ताहिक गतिविधियों को पांच सदस्यीय कमेटी हर सप्ताह चैक करेगी। इसमें दो मंदिर न्यासी, प्रेस परिषद बैजनाथ के अध्यक्ष, मंदिर अधिकारी और व्यापार मंडल प्रधान को शामिल किया जाएगा, जो कि मंदिर में होने वाली गतिविधियों की रिपोर्ट मंदिर अधिकारी और मंदिर सहायक आयुक्त एवं एसडीएम से साझा करेगी।
एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि इसके अलावा मंदिर के मुख्य और अन्य द्वारों के समीप सीसीटीवी कैमरे लगे होने के सूचना बोर्ड लगवाए जाएंगे। इसका पूरा कंट्रोल एसडीएम कार्यालय में रहेगा और स्वयं अधिकारी कार्यालय में बैठे-बैठे मंदिरों में होने वाली हर गतिविधि को देख सकेंगे। इससे मंदिर की सुरक्षा तो चाक चौबंद रहेगी, साथ में असामाजिक तत्वों पर भी पैनी नजर रहेगी। एसडीएम ने बताया कि इसके अलावा खीरगंगा घाट के पास जल्द ही पार्किंग और अन्य निर्माण कार्य भी शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बाबत प्रशासन और मंदिर न्यास पुरातत्व विभाग की एनओसी आने का इंतजार कर रहा है। वहीं, उन्होंने कहा कि बैजनाथ मंदिर के बाहर हुए घटनाक्रम की कथित तौर पर विडियो लीक करने वाले के खिलाफ मंदिर प्रशासन आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई करेगा। प्रशासन ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उनके साथ मंदिर अधिकारी और तहसीलदार वचित्र सिंह ठाकुर, संजय कलोत्रा आदि मौजूद रहे।