अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां हलके में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक और उत्साहपूर्वक संपन्न हो गया है। क्षेत्र के लगभग सभी मतदान केंद्रों में सुबह आठ बजे से ही मतदाताओं ने लंबी लाइनों में लग कर मतदान करना शुरू किया।
कई मतदान केंद्रों में महिलाएं जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करती देखी गईं। हालांकि, सरूट और अप्पर बलधर में वोटिंग मशीनों में कुछ तकनीकी कारणों से पड़े व्यवधान को निर्वाचन अधिकारी एसडीएम सिद्धार्थ आचार्य ने सुलझा कर मतदान में कोई अड़चन नहीं आने दी। मतदान के दौरान सभी 105 मतदान केंद्रों पर पुलिस और सीआरपीएफ के कुल 292 जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी को बखूबी निभा कर शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न करवाया।
निर्वाचन आयोग ने नगरोटा बगवां के कन्या स्कूल और राजकीय प्राथमिक स्कूल में स्थापित किए गए महिला मतदान केंद्रों में महिला कर्मचारियों ने अपनी भूमिका को बखूबी निभाया। पटियालकड़ एक और दो बूथ को मॉडल पोलिंग बूथ के रूप में स्थापित किया गया था। बूथ की बीएलओ नमिता शर्मा ने बताया कि मतदाताओं का तोरणद्वार लगाकर स्वागत किया गया। मतदाताओं की सुविधा के लिए एक रेस्ट रूम और मतदान के लिए वेब कास्टिंग का भी प्रबंध किया गया था।
बाक्स
बाली ने ठारू, अरुण ने नगरोटा बगवां में किया मतदान
नगरोटा बगवां विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी जीएस बाली ने चामुंडा मंदिर में माथा टेकने के बाद सुबह नौ बजे अपनी गृह पंचायत ठारू में मतदान किया। इसके बाद उन्होंने लगभग सभी मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतदान की जानकारी हासिल की, जबकि भाजपा प्रत्याशी अरुण कुमार (कूका) ने भी नगरोटा बगवां में मतदान कर सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं से मतदान की जानकारी ली।