स्ट्रीट लाइटें खराब, नालो में बह रही होटलों की गंदगी
जनसंवाद भाग-16 (सिद्धपुर)
धर्मशाला नगर निगम के सिद्धपुर वार्ड में सफाई व्यवस्था न के बराबर, विकास कार्य भी ठप
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर-16 सिद्धपुर में सिर्फ 20 एलईडी स्ट्रीट लाइट्स लगी हैं, लेकिन इसमें अधिक स्ट्रीट लाइट्स कई महीनों से बंद पड़ी हैं। साथ ही वार्ड में बने बड़े- होटलों के स्नानागार और शौचालयों की गंदगी नालियों में बह रही है। गंदगी के कारण वार्ड के लोगों को खेती करना भी मुश्किल हो गया है। इसके अलावा मात्र चार भूमिगत कूड़ादान स्थापित किए गए हैं। इस कारण लोग खुले में कूड़ा फेंकने का मजबूर हैं। एमसी के सफाई कर्मचारी भी प्रतिदिन कूड़ा उठाने नहीं आते हैं। इस कारण कई दिन पर कूड़ा खुले में पड़ा रहता है। वार्ड में अन्य विकास कार्य भी पूरी तरह ठप पड़े हैं। इस कारण वार्ड के लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि इससे अच्छे तो पंचायत के दायरे में विकास कार्य होते थे।
कोट्स
संजय कुमार ने कहा कि वार्ड की स्ट्रीट लाइट्स बंद पड़ी हैं। अगर स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने की शिकायत की जाए, तो तब भी कोई कार्रवाई नहीं होती।
कोट्स
बिमला देवी ने कहा कि एमसी से जुड़ने के बाद मनरेगा का रोजगार छिन गया। न ही वार्ड में अन्य कामों का मंजूरी मिल रही है, जिससे लोगों को रोजगार मिल सके।
कोट्स
जय कर्ण पंडित ने कहा कि पूर्व सरकार ने हवा में ही नगर निगम का गठन किया है। पंचायत क्षेत्रों को एमसी में तो जोड़ा गया है, लेकिन अब कोई विकास नहीं हो रहा है।
कोट्स
सुखदेव ने कहा कि वार्ड के बड़े होटलों की गंदगी नालियों में खुले में बह रही है। इस कारण लोगों को खेती करना मुश्किल हो गया है। खुले में गंदगी बहाने पर होटल संचालकों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
कोट्स
कृष्णा देवी ने कहा कि नालियों का पानी होटल की सीवरेज की गंदगी से दूषित हो गया है। अब लोग नालों के पानी से न कपड़े धोते हैं, न ही मवेशी के लिए देते हैं।
कोट्स
बिमला कुमारी ने कहा कि आए दिन पीने के पानी की भी वार्ड में किल्लत हो रही है। बावड़ियों के सहारे ही लोग काम चला रहे हैं। गर्मी में पानी की ज्यादा समस्या हो रही है।
कोट्स
अंकुश सेठी ने कहा कि शीला चौक के आसपास की नालियों में कोई सफाई नहीं होती है। एमसी ने सिर्फ मुख्य सड़क पर स्ट्रीट लाइट्स लगाई हैं। होडल सड़क पर कोई स्ट्रीट लाइट्स नहीं लगी है।
कोट्स
रिषभ महाजन ने कहा कि शीला चौक के साथ लगते पुल के ऊपर की ओर सड़क की हालत दयनीय है। इसे सुधारने के लिए एमसी को बजट जारी नहीं कर रही है।
कोट्स
केएन महाजन ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी सिर्फ सड़क को साफ करती है। कर्मि कूड़ा नालियों में फैंक कर चले जाते हैं। जिसके कारण नालियां ब्लॉक हो गई है।
कोट्स
पार्षद सर्व चंद गलोटिया ने कहा कि एमसी के हाउस में वार्ड की सफाई व्यवस्था का मुद्दा हर बार उठाया जाता है, लेकिन चर्चा के अलावा कुछ नहीं होता है। हाउस सफाई की चर्चा से शुरू होता है और वहीं खत्म हो जाता है। वार्ड की अधिकतर स्ट्रीट लाइट्स भी खराब हैं। जिन्हें सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता है।