गरीब बनने के लिए पुन्नर पंचायत में हाथापाई
पंचायत की ग्राम सभा में हुआ हंगामा, बैठक स्थगित
बीपीएल सूची में संशोधन के लिए बुलाई गई थी बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
भवारना (कांगड़ा)। विकास खंड भवारना की पुन्नर पंचायत में रविवार को गरीब बनने के लिए लोगों में खूब हंगामा हुआ। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। बीपीएल सूची में संशोधन के लिए पुन्नर पंचायत में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में पहुंचे अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को पुन्नर के लोगों में हुए झगड़े के चलते सभा को स्थगित करना पड़ा।
पुन्नर पंचायत में रविवार को आयोजित ग्राम सभा की बैठक में 188 लोगों ने उपस्थित दर्ज करवाई। ग्राम सभा की बैठक ठीक से चल रही थी, लेकिन इसी बीच बीपीएल में लोगों को शामिल और नाम काटने की बारी आई तो कुछेक लोगों ने अपने चहेतों को इसमें शामिल करने की पैरवी की। इसमें कथित तौर पर पंचायत के पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधि भी इसमें शामिल हैं। इस पर पुन्नर के उपस्थित बाकी लोगों ने इसका विरोध किया, तो वे नहीं माने। काफी देर नोकझोंक होने के बाद बात हाथापाई तक पहुंच गई। पुन्नर पंचायत के सुखदेव सिंह, अमर सिंह, धर्म चंद, विपिन शर्मा, राज शर्मा, फुम्मण राम, कुलदीप चंद, शिव कुमार, अवतार सिंह, प्रमोद सिंह, सतीश कुमार, सुधीर, सुरेश कुमार, संजय सूद और रमेश कपूर ने आरोप लगाया कि पंचायत में एक ही परिवार को तीसरी बार बीपीएल में शामिल करने की पैरवी कुछ लोग कर रहे थे। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई, तो वहां पर मौजूद उसने इस को लेकर बहसबाजी करने लगे। पंचायत में किया गया कि सर्वे अपने चहेतों को रखने के लिए हुआ है, तो फिर ग्राम सभा में उनको बुलाने का क्या मतलब है। उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो ग्राम सभा की बैठक में उपस्थिति की हाजिरी के लिए किए गए हस्ताक्षरों का हवाला देकर वहां पर मौजूद लोग और अधिकारी भी इस बीपीएल सूची को फाइनल करने की बात करने लगे। लोगों ने इस बीपीएल के सर्वे को गलत ठहराते हुए दोबारा सर्वे करवाने की मांग उठाई है। उधर, सोशल एजूकेशन एडं ब्लॉक प्लानिंग ऑफिसर जगतंबा प्रसाद ने कहा कि पुन्नर में बीपीएल सूची को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है। किसी एक परिवार को लेकर हंगामा भी किया है। यहां से इसकी एक रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।