अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजों की उलटी गिनती शुरू होते ही प्रशासन ने मतगणना के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में उपमंडल नूरपुर के तहत पड़ने वाले नूरपुर और इंदौरा विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के लिए बुधवार को नूरपुर नगर परिषद हाल में 18 दिसंबर को होने वाली मतगणना के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम नूरपुर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि नूरपुर विस क्षेत्र की मतगणना राजकीय आर्य कॉलेज नूरपुर के कमरा नंबर 5 और इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना आर्य कालेज के कमरा नंबर 6 में की जाएगी। उन्होंने बताया कि नूरपुर और इंदौरा विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती के लिए आठ-आठ टेबल लगाए जाएंगे। प्रत्येक टेबल पर तीन कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। इनमें एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक और एक माइक्रो पर्यवेक्षक तैनात किया जाएगा। इसके अलावा मतगणना के दौरान प्रत्येक टेबल पर सभी उम्मीदवारों का एक-एक काउंटिंग एजेंट भी मौजूद रहेगा। साथ ही मीडिया कर्मियों और विभिन्न समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों और पत्रकारों की सहूलियत के लिए आर्य डिग्री कॉलेज में ही दोनों विस क्षेत्रों की मतगणना के लिए अलग-अलग मीडिया सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि उन्हें मतगणना की जानकारी दी जा सके। निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि मतगणना के लिए नियुक्त कुल 150 अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले चरण का प्रशिक्षण दिया गया है। दूसरे चरण की रिहर्सल 16 दिसंबर को करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव की मतगणना 18 दिसंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि पहले राउंड में पोस्टल बैलेट पेपर यानी डाक मतों की गिनती की जाएगी। इसके बाद ईवीएम के मतों की गिनती होगी। इस मौके पर निर्वाचन अधिकारी नूरपुर आबिद हुसैन सादिक, इंदौरा के विजय कुमार और निर्वाचन कानूनगो महेश्वर चौधरी ने मतगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में मतगणना में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत करवाया।