वोट देने को तैयार लोगों के आंगन और खेतों जलमग्न
शाह नहर से अचानक पानी आने से मंड सनौर गांव में भरा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। इंदौरा उपमंडल के मंड सनौर गांव की लगभग 40 एकड़ भूमि अचानक जलमग्न हो गई। दरअसल शाह नहर प्रबंधन ने अचानक पानी छोड़ दिया, जिससे लोगों के खेतों के साथ आंगन भी पानी से भर गए। खेतों में रखी तूड़ी खराब हो गई, वहीं ताजा बीजा हरा चारा भी खराब हो गया।
जानकारी के अनुसार अचानक पानी आने के कारण मंड मलकाना और सनोर के ग्रामीण वोट डालने की तैयारी छोड़ अपने-अपने सामान का बचाव करने में जुट गए, जबकि पानी लगातार आने से खेतों में भर गया। बताया जा रहा है कि एक पंचायत प्रतिनिधि ने ठेके पर ली जमीन को पानी लगाने के चक्कर में शाह नहर में गैर कानूनी तरीके से बांध लगाकर पानी रोक रखा था। शाहनहर प्रबंधन के रात को पानी छोड़ देने से इस बांध में अत्यधिक कचरा जमा हो जाने से पानी नहर से ओवर फ्लो हो गया। रविवार सुबह महिला मंडल प्रधान सृष्टा देवी ने इसकी सूचना चौकी प्रभारी ठाकुरद्वारा को दी। ठाकुरद्वारा चौकी प्रभारी सुरेंद्र राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कचरा निकालकर पानी को सुचारू रूप से चालू किया। जब तक पानी सुचारु रूप से चलता तब तक ग्रामीण बलदेव सिंह, कुलदीप सिंह, विश्वनाथ, सरवन कुमार, साईं दास, सुरेंद्र कुमार, ज्ञान चंद, धन देवी, रिखिया के आंगन, खेत और घर के आसपास पानी ही पानी भर गया था। महिला मंडल प्रधान ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।