नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां हलके की चार पंचायतों में केंद्र सरकार की ‘हर खेत को पानी’ के उद्देश्य से पांच नई कूहलों के निर्माण को हरी झंडी प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई इन नई कूहलों के निर्माण पर करीब सवा 9 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जनस्वास्थ्य एवं सिंचाई विभाग के अंतर्गत इन कूहलों के निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। औपचारिकताएं पूरी होते ही कूहलों का निर्माण कार्य शीघ्र चालू कर दिया जाएगा। इनके निर्मित होने से संबंधित क्षेत्रों में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा प्रदान हो जाएंगी। विभाग के नगरोटा बगवां स्थित उपमंडल कार्यालय के अधिशासी अभियंता दीपक गर्ग ने बताया कि सरकार द्वारा स्वीकृत की गई नई कूहलों में ग्राम पंचायत पठियार में रैणकी कूहल के लिए 5 करोड़ 45 लाख 8 हजार, ग्राम पंचायत चाहड़ी में बडूल कूहल के लिए 2 करोड़ 33 लाख 40 हजार, ग्राम पंचायत सेरथाना में लाहड़ और बल्ला कूहलों के लिए 1 करोड़ 11 लाख 36 हजार तथा ग्राम पंचायत मूमता में बनने वाली कोहला कूहल के लिए 37 लाख 46 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया के उपरांत इन कूहलों के निर्माण का कार्य आंरभ कर संबंधित क्षेत्रों के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा प्रदान कर दी जाएगी।