अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। मिड डे मील वर्कर्स के अपनी मांगों को लेकर आज देश व्यापी हड़ताल में शामिल होने पर बुधवार को मिड डे मील का भोजन तैयार करवाने की जिम्मेवारी अध्यापकों की रहेगी। वर्कर्स के हड़ताल में जाने के बाद भी स्कूलों में मिड डे मील भोजन तैयार होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने स्कूल मुखियाओं को आदेश जारी कर दिए हैं।
बुधवार को मिड डे मील पकाने को लेकर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कांगड़ा दीपक किनायत ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों से इसकी जानकारी हासिल की। साथ ही अधिकारियों को स्कूलों में मिड डे मील भोजन पकाने के लिए संबंधित स्कूल मुखियाओं को अपने स्तर पर प्रबंध करने के निर्देश भी जारी किए।
जिला कांगड़ा में वर्तमान समय में ढाई हजार स्कूलों में मिड डे मील भोजन पकता है। इसमें 1700 के करीब प्राइमरी, जबकि साढे़ आठ सौ के करीब अप्पर प्राइमरी स्कूल शामिल हैं। बुधवार को सीटू के बैनर तले ये सभी मिड डे मील वर्कर्स हड़ताल पर रहेंगे। उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कांगड़ा दीपक किनायत ने कहा कि मिड डे मील वर्कर्स बुधवार को हड़ताल पर रहेंगे। इसके चलते स्कूल मुखियाओं को मिड डे मील भोजन तैयार करने के लिए अपने स्तर पर प्रबंध करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिला के सभी स्कूलों में बुधवार को मिड डे मील तैयार होगा।
ये हैं मिड डे मील वर्कर्स की मांगें
मिड डे मील वर्कर्स सरकार से उनका प्रतिमाह वेतन 6300 रुपये करने सहित मिड डे मील वर्कर्स को नियमित, मिड डे मील वर्कर्स से 25 बच्चों की शर्त हटाकर प्रत्येक स्कूल में दो वर्कर्स की नियुक्ति, वर्कर्स को दस माह के बजाय 12 माह का वेतन और योजना को एनजीओ को देने के फैसले को वापस लेने की मांग शामिल है।