अमर उजाला ब्यूरो।
धर्मशाला।
चाइल्ड लाइन से दोस्ती सप्ताह के दूसरे दिन चाइल्ड लाइन की टीम ने पुलिस, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा बाल न्याय परिषद के अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति कटिबद्धता व्यक्त की। इसको लेकर बैनर पर हस्ताक्षर किए गए।
दूसरे दिन एसपी रमेश छाजटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव कुमार, पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्टाफ, जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी सचिन संगर और उनका स्टाफ, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं वरिष्ठ न्यायाधीश नेहा देहिया, बाल न्याय परिषद की प्रिंसिपल न्यायाधीश अकांक्षा डोगरा व उनका स्टॉफ ने इस महाभियान में शामिल हुए।
चाइल्ड लाइन कांगड़ा के निदेशक रमेश ने बताया कि जिला में 7 से 14 नवंबर तक चाइल्ड लाइन से दोस्ती सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान सप्ताह भर बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए जनता को जागरुक किया जा रहा है। इसके अलावा हस्ताक्षर अभियान के तहत अधिकारियों, सहयोगी विभागों, स्वैच्छिक संगठनों और आम जनता को चाइल्ड लाइन के साथ जोड़ते हुए बैनर पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। चाइल्ड लाइन कांगड़ा के समन्वयक मनमोहन ने टीम सहित अधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के अभियान के बारे में जानकारी दी। निदेशक ने बताया कि 14 नवम्बर को बाल दिवस के उपलक्ष्य पर बाल उमंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सप्ताह भर अलग-अलग स्कूलों में प्रतियोगिताओं के आयोजन भी किए जाएंगे। इस अवसर पर चाइल्ड लाइन कांगड़ा के काउंसलर बलदेव सिंह, टीम सदस्य अनीता, ललिता, जितेन्द्र, डिंपल, सतीश और खुला आश्रय से अमित व अनिल मौजूद रहे।