नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे से अवैध कब्जों को हटाने के लिए दिसंबर को रजियाणा कानूनगो कार्यालय के तहत राजस्व विभाग की टीम ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154 पर रजियाणा से ठारू तक अवैध कब्जों को हटाने के लिए पैमाइश की। क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित एक पशुशाला और दो खोखे पहचान में आए हैं, जिन्हें स्वयं हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
19 और 20 दिसंबर को नगरोटा बगवां कानूनगो कार्यालय के तहत नगरोटा बगवां से मलां तक एनएच किनारे पैमाइश की जाएगी। कोर्ट के आदेशों के बाद राजस्व विभाग ने एनएच किनारे अवैध कब्जे हटाने के लिए पैमाइश शुरू की है। इसके लिए राजस्व विभाग और राष्ट्रीय उच्च मार्ग अथारिटी की संयुक्त टीम काम कर रही है। रजियाणा के कानूनगो श्याम गुप्ता ने बताया कि कार्यालय के तहत टीम ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154 पर रजियाणा से ठारू तक के क्षेत्र में अवैध कब्जों की पहचान के लिए पैमाइश की।
उधर, एसडीएम नगरोटा बगवां अंकुश शर्मा ने बताया कि रजियाणा कानूनगो कार्यालय के तहत पैमाइश का काम पूरा कर लिया गया है। अवैध कब्जों की पहचान और निशानदेही के बाद आगामी कार्रवाई एनएच अथारिटी करेगा।