जसूर (कांगड़ा)। व्यापारिक कस्बे जसूर में बाजार के नवनिर्मित फुटपाथ पर कुछ दुकानदारों ने अवैध तरीके से सामान को रखना शुरू कर दिया है। यही नहीं कुछ दबंग दुकानदार अपना सामान सर्विस लेन की सड़क तक रख रहे हैं। इससे पैदल चलने वाले लोगों को फुटपाथ की जगह सर्विस लेन में जान जोखिम में डालकर चलना पड़ रहा है। हालांकि कुछ समय पूर्व नूरपुर प्रशासन ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए उनका माल भी जब्त किया था। इसके बाद थोड़े समय तक तो दुकानदारों ने वहां सामान रखना बंद कर दिया, लेकिन अब फिर वही हालत है।
जसूर बाजार का अभी हाल ही में विस्तारीकरण हुआ है। फोर लेन सडकें बनकर तैयार हो चुकी हैं। वहीं बाजार के दोनों ओर सर्विस लेन भी चालू हो चुकी है। सर्विस लेन के साथ बड़ी निकासी नालियो ंपर फुटपाथ बनाया गया है ताकि राहगीर इन फुटपाथों पर सुरक्षित चल सकें। लेकिन कुछ कारोबारियों ने नियमों को ठेंगा दिखाकर दोनों ओर नवनिर्मित फुटपाथ पर कब्जा कर दुकानों का सामान सजाना शुरू कर दिया। इससे राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क के बीच चलने को मजबूर हैं। वहीं सर्विस लेन में कुछ व्यापारियों के निजी और मालवाहक वाहन सारादिन खड़े रहते हैं। इन वाहनों के कारण बाहर से आए थोक ग्राहकों और उपभोक्ताओं को अपने वाहन सर्विस लेन में खड़े करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रैहन से आए सतीश शर्मा, चुवाड़ी से आए पुरुषोत्तम, कुलदीप और ज्वाली से कुलभूषण ने बताया कि उन लोगों को सर्विस लेन में गाड़ी लगाने को जगह न मिलने के कारण जसूर कस्बे के बाहर जाकर गाड़ी लगानी पड़ी। वहीं, स्थानीय लोगों राज कुमार, साहिल सूरी, सुरेश अत्री,अरुणेश भंडारी, सीपी महाजन, राम गोपाल, प्रदीप शर्मा, डॉ.विकास चौधरी, लोकेश भडवाल और सुधीर महाजन ने प्रशासन ने मांग की है कि जसूर बाजार को बेतरतीब खड़े वाहनों और अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों से मुक्त किया जाए ताकि यह आदर्श कस्बे में तबदील हो सके । उधर, नूरपुर के एसडीएम आबिद हुसैन सिद्दीकी ने कहा कि प्रशासन पहले भी फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों का सामान जब्त कर चुका है। वहीं, सर्विसलेन में सारा दिन लगे वाहनों को भी प्रशासन ने जब्त करने के निर्देश दे दिए हैं।
---