धर्मशाला। जिला कांगड़ा के सरकारी स्कूलों में घटते छात्र नामांकन पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए शून्य नामांकन वाले 11 प्राथमिक पाठशालाओं को बंद कर दिया है। इसके अलावा पांच से कम छात्र संख्या वाले 52 स्कूलों को पास की पाठशालाओं में मर्ज कर दिया है। विभाग ने 10 से कम छात्र संख्या वाले करीब 50 स्कूलों को भी चिह्नित किया है, जिनकी रिपोर्ट निदेशालय को भेज दी गई है।
जानकारी के अनुसार जिन स्कूलों में पांच या इससे कम छात्र पढ़ रहे थे, वहां शिक्षकों, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, मिड-डे मील स्टाफ के वेतन और स्कूल भवनों के रखरखाव पर भारी खर्च हो रहा था। ऐसे में छात्रों को पास के स्कूलों में शिफ्ट कर सरकारी राजस्व में बचत का निर्णय लिया गया। सहायक निदेशक संजय ठाकुर ने बताया कि निदेशालय के निर्देश पर चिह्नित स्कूलों की रिपोर्ट भेजी गई थी। अब इन्हें बंद और मर्ज करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
शून्य संख्या वाले ये स्कूल हुए बंद
जिला कांगड़ा में शून्य संख्या वाले स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इनमें शिक्षा खंड नगरोटा सूरियां का बरियाल, धर्मशाला का स्लेट गोदाम, खुंडियां का फिहार और फतेहपुर शिक्षा खंड़ में समकड़, रींघ, नगरोटा बगवां में गुगलाहड़, घराना, थुरल में बरवाला, बैजनाथ में थाथी, कोटला में छंब और रैत शिक्षा खंड़ में छलाहन स्कूल को बंद किया गया है।
यह स्कूल हुए मर्ज
जिला कांगड़ा में 5 से कम छात्रों की संख्या वाले स्कूलों को भी मर्ज किया गया है। इनमें नगरोटा सूरियां के जलाख, समलोटा और कटोरा, पंचरुखी के मैलेंटा, जवाली के थंगर, ननेहड़ और घार, जबकि धर्मशाला शिक्षा खंड के समलेखर नाग, कस्बा नरवाणा-1, खरकु, धर्मकोट, चैतड़ू, मनेड, बरवाला और हरनेड़ शामिल हैं। इसके अलावा देहरा का अपर पाइसा, चढ़ियार का प्लेटा, खुंडियां का हसेर और रिहड़ी, फतेहपुर के तहत धनारा, बनकरोली, भाटी रिहलान, घैपथ, जगनोली और मुदला गदरोली शामिल हैं। शिक्षा खंड नगरोटा बगवां में कराहपुरा, तंबरेहड़, अमतार और लिली, भवारना का खैरा, डाडासीबा का सुनेहत जबरे, बटवार, बेही और दियारा स्वारा, राजा का तालाब के तहत गुरुह और अनोह, कांगड़ा के तहत छिलवेही और कोटकवाला, थुरल के तहत पट्टाबाग, बैजनाथ का धरेड़ शामिल हैं। कोटला के करनोला, पठियारकर, बकेन, सिहुनी और रैत के गुरगुन और नजोट, लंबागांव का भटवारा, रक्कड़ का लोअर टोरू और बंद के अलावा धीरा शिक्षा खंड के जमूला और थलेहर स्कूलों को नजदीक पाठशालाओं में मर्ज किया गया है।