सीएमओ ऑफिस में लगी आग
वायरिंग, अन्य उपकरण जले
सोमवार दोपहर की घटना, शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा कारण
अस्पताल में विद्युत व्यवस्था सुचारु करने में लगेगा समय
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के कार्यालय में सोमवार दोपहर को आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने से वायरिंग और बिजली के अन्य उपकरण जल गए हैं। घटना दिन के समय हुई, इस कारण आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर पौने 12 बजे के करीब सीएमओ कार्यालय में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग को अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने काबू पाया। बताया जा रहा है कि इस आगजनी से ज्यादा नुकसान तो नहीं हुआ है लेकिन बिजली की वायरिंग और अन्य उपकरण जल गए हैं। अब अस्पताल में बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कुछ दिन लग सकते हैं। जानकारी के अनुसार शॉर्ट-सर्किट जरूरत से ज्यादा लोड देने के कारण हुआ है। कार्यालय में सिंगल फेस लाइन लगाई गई है, जबकि यहां पर थ्री फेस लाइन के बराबर बिजली का प्रयोग हो रहा है। तारें सिंगल फेस की होने के कारण ज्यादा लोड नहीं उठा सकीं, जिसके चलते आग लग गई। उधर, सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि उनके कार्यालय में दोपहर पौने 12 बजे शार्ट सर्किट होने से बिजली की वायरिंग इत्यादि जल गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा और किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।