शाहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल शाहपुर के धारकंडी इलाके के बोह गांव में भालू ने दिनदहाड़े विक्रमा देवी पत्नी रुधो राम निवासी रुलेहड़ पर हमला किया। यह हमला उस समय हुआ, जब विक्रमा देवी थलाकड़ा जंगल में घास काट रही थी। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया, जिस कारण भालू भाग गया।
वहीं घायल महिला को उपचार के लिए शाहपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे टीएमसी रेफर कर दिया गया। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं हार-बोह पंचायत की पूर्व प्रधान जीवना देवी, उपप्रधान शमशेर सिंह, ओम चंद, जोधा राम ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भालू को जल्द पकड़ा जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को प्रशासन हरसंभव मदद मुहैया करवाए।