ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी में 24 जुलाई से 2 अगस्त चलने वाले श्रावण अष्टमी मेलों में बेहतर व्यवस्था बनाने को लेकर वीरवार को सहायक मंदिर आयुक्त राकेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंदिर न्यास की बैठक हुई।
सहायक मंदिर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग, मंदिर प्रशासन, नप, पुलिस प्रशासन, आईपीएच एवं बिजली बोर्ड के अधिकारियों को श्रावण अष्टमी मेलों के प्रबंधों के बारे में दिए गए निर्देशों को गंभीरता से अमलीजामा पहनाने को कहा। उन्होंने कहा कि बरसात में नवरात्र से पूर्व समस्त पेयजल स्रोतों की सफाई और क्लोरीनयुक्त पीने के पानी के व्यवस्था की जाएगी। बिना अनुमति लंगर लगाने पर कार्रवाई होगी। लंगरों की सफाई की जांच के लिए टीमें गठित कर रोजाना रिपोर्ट ली जाएगी। नवरात्र में ढोल-नगाड़ों, लाउड स्पीकरों, नारियल, तेजधार हथियार पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। ढाबों और प्राइवेट पार्किंग में तय रेट से ज्यादा वसूली पर नजर रखी जाएगी। मंदिर कर्मचारी, पुजारी और सेवादारों को पहचान पत्र जरूरी किया गया है। बैठक में नप अध्यक्ष भावना सूद, तहसीलदार देवी राम, डीएसपी कुलदीप कुमार, मंदिर अधिकारी डा. अशोक पठानिया, सहायक मंदिर अधिकारी अमित गुलेरी सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बाक्स
सात सेक्टरों में बंटेगा शहर, धारा 144 लगेगी
मेलों के लिए पूरे शहर को सात सेक्टरों में बांटा जाएगा, जिसमें पुलिस कर्मी संदिग्धों पर नजर रखेंगे। सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है। बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वायड भी तैनात रहेंगे। भीक्षावृत्ति पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मेलों के दौरान धारा 144 लगेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के महिला, पुरुष आरक्षी और गृहरक्षक भी तैनात होंगे।
हवन और मुंडन के लिए निशुल्क पास
मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं को निशुल्क लंगर व्यवस्था के साथ फलाहार की व्यवस्था करेगा। धूप से बचने के लिए शामियाने लगेंगे। लाइनों में सुविधाजनक दर्शनों के लिए विशेष व्यवस्था होगी। ठंडे पेयजल के लिए 18 वाटर कूलर स्थापित किए गए हैं। निशुल्क औषधि वितरण केंद्र स्थापित होंगे। मुंडन और कन्या पूजन, हवन के लिए निशुल्क पास दिए जाएंगे।
बस अड्डे में सरेआम हो रहा धूम्रपान
बैठक में एचआरटीसी इंस्पेक्टर हुकमचंद, पवन कुमार ने मुद्दा उठाया कि मेलों के दौरान और अन्य दिनों में बस स्टैंड ज्वालामुखी में धूम्रपान धड़ल्ले से हो रहा है। इस पर डीएसपी कुलदीप कुमार ने कहा कि वे पुलिस से चालान बुक जारी करवा लें और स्वयं धूम्रपान करने वालों के चालान कर सकते हैं। समस्त विभागों के अधिकारियों को इसके चालान करने के अधिकार हैं।