अमर उजाला ब्यूरो
डमटाल/इंदौरा(कांगड़ा)। इंदौरा के गांव टांडा पतन की तारा खड्ड में लगे क्रेशर से ओवरलोडेड वाहनों की आवाजाही से सड़कें खड्ड का रूप धारण कर चुकी हैं। इससे आए दिन दुर्घटना होने का अंदेशा रहता है। इससे परेशान स्थानीय लोगों ने सोमवार को क्रशर से लोडेड ट्रकों को रोक लिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान गांव बाई इंदौरिया, चूहड़पुर और टांडा के प्रताप सिंह, विक्की, गोल्डी, लंबरदार मेशा सहित सैकड़ों लोगों ने कई घंटों तक क्रशर से लदे ट्रकों को रोक कर प्रदर्शन किया और दोबारा इस रास्ते से न निकलने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के कारण लगे जाम और माहौल बिगड़ता देख इंदौरा पुलिस थाना के अतिरिक्त प्रभारी सुभाष राणा भारी पुलिस बल के साथ मौका पर पहुंचे और उग्र भीड़ को शांत करवाने की कोशिश की, लेकिन लोग भारी भरकम वाहनों को जब्त करने पर अड़े रहे। लोगों का आरोप है कि टांडा गांव में लगे क्रशर दिन-रात अवैध खनन कर सैकड़ों ट्रकों के हिसाब से रोजाना पंजाब में रेत बजरी सप्लाई कर रहे हैं। मल्टीएक्सएल वाहन ओवरलोड होकर गांव के संपर्क मार्गों से होकर गुजर रहे हैं। इस कारण सभी सड़कें खड्डों का रूप धारण कर चुकी हैं। वहीं, अतिरिक्त थाना प्रभारी ने ओवरलोडेड वाहनों के चालान काटे और लोगों के धरने को उठवाया। लोगों ने प्रशासन को चेताया कि खड्ड में अवैध खनन और इस रास्ते से भारी भरकम वाहन बंद करवाए जाएं।