ज्वालामुखी (कांगड़ा)। सरकार ने डिजिटल राशन कार्ड बनाकर जहां जनता को कई प्रकार के झंझटों से मुक्त कर उन्हें आसान और सुविधाजनक राशन प्रणाली का तोहफा देने में पहल की है। वहीं, सरकार के खाद्य आपूर्ति विभाग ने प्रदेश की जनता को दिए जा रहे डिजिटल राशन कार्ड मेें चुनावी नारा छापा कर राजनीति को भी गर्मा दिया है।
डिजिटल राशन कार्ड पर ‘काम किया है काम करेंगे, झूठे वायदे नहीं करेंगे’ का नारा पढ़कर हर कोई हैरान है। डिजिटल राशन कार्ड पर इस नारे का क्या काम है। यह सवाल भी खड़ा हो रहा कि राशन कार्ड पूरे प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता के घर में राशन लेने का माध्यम है। ऐसे में इस सरकारी डिजिटल राशन कार्ड में चुनावी नारा कहां तक सही है। क्योंकि अब हिमाचल में चुनावी साल है और आगामी कुछ ही समय में चुनावों में यह नारा कोई भी चुनावी पार्टी हो इसे भुनाने के लिए प्रयासरत रहती है। शायद यही वजह है कि डिजिटल राशन कार्ड जैसे अहम दस्तावेज में यह चुनावी नारा हर किसी की आंखों में खटक रहा है।