धर्मशाला। वन मंडल धर्मशाला के डीएफओ प्रवीण ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष बरसात के मौसम में धर्मशाला वन मंडल के तहत 161 हेक्टेयर क्षेत्र पर पौधरोपण किया जाएगा। इसमें 2 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान 60 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण केएफडब्ल्यू प्रोजेक्ट के तहत, जबकि 101 हेक्टेयर में विभाग पौधे लगाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान जहां भी पौधरोपण होगा, उस क्षेत्र में बरगद के पेड़ भी रोपे जाएंगे। डीएफओ के अनुसार बरगद को प्रोमोट करने के लिए विभाग ने पिछले वर्ष कवायद शुरू की थी, जिसके तहत जहां-जहां पौधरोपण किया था, वहां दो से तीन बरगद के पेड़ भी रोपे गए थे। वहीं अब इस वर्ष भी विभाग ने पौधरोपण के लिए जो साइटें चिन्हित की हैं, वहां पांच से छह बरगद के पौधे भी रोपे जाएंगे। इसके अलावा पिछले वर्ष किए गए पौधारोपण क्षेत्र के पौधों की भी देखरेख का कार्य इस दौरान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने इस बार देवदार, खैर, हरड़, बेहड़, आंवला, जामुन, तूणी, बयूल, कचनार सहित अन्य उपयोगी पौधों को रोपने की योजना बनाई है और इन पौधों को अपनी नर्सरियों में तैयार किया जा रहा है। प्रवीण ठाकुर ने बताया कि पिछले वर्ष वन विभाग ने 148 हेक्टेयर में किया था। इस दौरान विभाग ने एक लाख 80 हजार के करीब पौधों को रोपा था।