धर्मशाला (कांगड़ा)। शिक्षा विभाग के गैर शिक्षक कर्मचारियों की मांगों पर सोमवार को धर्मशाला में मंथन किया गया। उप निदेशक उच्च शिक्षा कमल किशोर गुप्ता और उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा दीपक किनायत के साथ हुई गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की बैठक में गैर शिक्षक वर्ग कर्मचारियों की मांगों को उठाया गया। इस दौरान महासंघ ने 24 सूत्रीय मांग पत्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सौंपा।
गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष ईश्वर दास ने बताया कि बैठक में विभिन्न शिक्षा खंडों में अधीक्षक ग्रेड-1 की तैनाती करने की मांग उठाई गई। वर्तमान में खंड शिक्षा कार्यालयों में अधीक्षक ग्रेड-2 तैनात किए गए हैं। इसके अलावा साल 2006-07 सत्र के बाद अपग्रेड किए कांगड़ा के स्कूलों में अधीक्षक ग्रेड-2 की तैनाती करने की भी मांग उठाई गई है क्योंकि इन अपग्रेड स्कूलों में अधीक्षक स्तर पर कर्मचारी न होने के कारण स्कूलों का काम प्रभावित होता है। संघ के 24 सूत्रीय मांग पत्र में स्कूलों में तैनात अंशकालीन जलवाहकों को पांच साल बाद अनुबंध आधार पर और अगले तीन वर्ष में नियमित करने, स्कूलों में चलाई जा रही मिड-डे-मील योजना के तहत काम करने वाली महिलाओं के लिए स्थायी नीति, 2003 के बाद तैनात हुए कर्मचारियों को पुरानी पेंशन नीति के तहत रखने सहित अन्य मांगों को प्रमुखता के साथ उठाया गया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने संघ की मांगों को सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव पठानिया, अभिषेक शर्मा, कोषाध्यक्ष अखिल राणा और अश्वनी शर्मा आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।