फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HP Politics: जयराम ठाकुर बोले- नशे पर सरकार विफल, एचआईवी मामलों में बढ़ोतरी चिंताजनक

Thu, 13 Aug 2026 08:01 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल जागरूकता कार्यक्रमों और वॉकथॉन तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर नशे का कारोबार लगातार फैल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं की मौतें, परिवारों का टूटना और नशे की ओवरडोज के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं।
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में नशे की बढ़ती तस्करी और एचआईवी संक्रमण के मामलों पर गहरी चिंता जताते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुरुवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुका है और सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल जागरूकता कार्यक्रमों और वॉकथॉन तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर नशे का कारोबार लगातार फैल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं की मौतें, परिवारों का टूटना और नशे की ओवरडोज के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। जयराम ने हाल ही में पुलिस द्वारा छह करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी खेप किसके लिए मंगवाई गई थी और इसके पीछे काम कर रहा मुख्य सरगना कौन है।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी इस बात का संकेत है कि नशे का नेटवर्क गहराई तक फैल चुका है। जयराम ठाकुर ने हाल में सामने आए एचआईवी-एड्स से जुड़े आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि बीते दो वर्षों में प्रदेश में एचआईवी संक्रमण के मामलों में लगभग डेढ़ गुना वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि पिछले वर्ष दर्ज नए मामलों में करीब 19 प्रतिशत संक्रमण सिरिंज के बार-बार उपयोग से जुड़े बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह संकेत देता है कि नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली सुइयों के कारण जानलेवा बीमारियां भी फैल रही हैं। नशा करने वाले लोग न केवल अपना जीवन खतरे में डाल रहे हैं, बल्कि दूसरों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि नशा हिमाचल के लिए अभिशाप बनता जा रहा है और सरकार को इसके खिलाफ ठोस तथा प्रभावी रणनीति अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नशे के खिलाफ किसी भी सख्त कार्रवाई में सरकार का सहयोग करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें